आयुष्मान आरोग्य मंदिर को भारत सरकार से राष्ट्रीय प्रमाणन, तीन साल तक मिलेगा अनुदान
उदयपुर, 10 मई: मावली क्षेत्र स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गादोली को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) के तहत भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित घोषित किया गया है। यह उपलब्धि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी उदयपुर द्वितीय डॉ. ओ.पी. रायपुरिया ने बताया कि 8 और 9 अप्रैल को राष्ट्रीय टीम के सदस्य डॉ. ओम कुमार और डॉ. अंजु पूनिया ने पीएचसी गादोली का निरीक्षण किया था। टीम ने ओपीडी, आईपीडी, लेबर रूम, लैब, एनएचपी और जनरल एडमिन सहित छह विभागों का मूल्यांकन किया। स्वास्थ्य केंद्र को राष्ट्रीय मानकों पर खरा पाते हुए 87.16 प्रतिशत अंकों के साथ प्रमाणित किया गया।
अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रागिनी अग्रवाल ने बताया कि जिला और ब्लॉक क्वालिटी टीम के साथ गादोली स्टाफ के सामूहिक प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई।
बीसीएमओ डॉ. मनोहर सिंह यादव ने इसे जिले के ग्रामीण स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया। वहीं चिकित्सा प्रभारी डॉ. करिश्मा चौधरी ने सभी अधिकारियों और स्टाफ का आभार जताया। प्रमाणन के बाद केंद्र को तीन वर्षों तक प्रतिवर्ष तीन लाख रुपए का अनुदान मिलेगा।