बांसवाड़ा में साइबर अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, 52 गिरफ्तार; 665 चालान काटे

Share

बांसवाड़ा, 13 अगस्त: नशे, साइबर अपराध, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक गतिविधियों और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ बांसवाड़ा पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर व्यापक कार्रवाई की। पुलिस ने 52 लोगों को गिरफ्तार किया, 665 चालान काटे और 32 वाहन जब्त किए। अभियान के दौरान मादक पदार्थ भी बरामद किया गया तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित आपत्तिजनक सामग्री हटवाई गई।
सज्जनगढ़ थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 500 ग्राम सूखा गांजा और 8.560 किलो गांजे के पौधे जब्त किए। साइबर अपराध के लिए चिन्हित पांच हॉटस्पॉट पर दबिश देकर तीन मामले दर्ज किए गए और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सोशल मीडिया पर धमकी देने वालों पर कार्रवाई
दानपुर थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी वाला वीडियो पोस्ट करने और व्हाट्सएप ग्रुप में महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस सोशल मीडिया सेल ने आपत्तिजनक सामग्री को टेकडाउन भी कराया। पुलिस ने स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर पांच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इनमें साइबर अपराध, महिला-बालिका सुरक्षा, पॉक्सो, हेल्पलाइन 1930, 1090, 112 और डिजिटल सुरक्षा की जानकारी दी गई। इसके अलावा 20 सीएलजी बैठकों में 593 से अधिक लोग शामिल हुए।