महिला कॉन्स्टेबल पर हमला, लूट के दावे पर पुलिस ने जताया संदेह

Share

डूंगरपुर, 29 जून: रामसागड़ा थाना क्षेत्र के माडा गांव में रविवार को महिला कॉन्स्टेबल और उसके मामा पर हथियारबंद बदमाशों द्वारा हमला किए जाने से सनसनी फैल गई। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया कि 7-8 बदमाशों ने लाठियों व अन्य हथियारों से हमला कर दो सोने की चेन और मोबाइल लूट लिया तथा महिला कॉन्स्टेबल का अपहरण करने का भी प्रयास किया। हालांकि पुलिस ने लूट की घटना से इनकार किया है।
कालिका पेट्रोलिंग में तैनात कॉन्स्टेबल मोनिका अपने मामा केसरीमल लबाना के साथ बाइक से जा रही थीं। रास्ते में आरोपियों ने दोनों को घेरकर मारपीट की। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावर सोने की चेन और मोबाइल छीनकर फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुरानी रंजिश में मारपीट, पीड़ित पक्ष ने लूट का लगाया आरोप
रामसागड़ा थानाधिकारी कैलाश पंचारिया ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद चल रहा है। प्रारंभिक जांच में मारपीट की पुष्टि हुई है, जबकि लूटपाट जैसी घटना सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।