गवरी माता के अपमान पर पुलिस की कार्रवाई, जातिसूचक शब्द बोलने वाला आरोपी गिरफ्तार

Share

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपी को दबोचा, न्यायालय ने भेजा जेल

ऋचा पानेरी

उदयपुर, 29 सितम्बर : मेवाड़ की प्रसिद्ध पारंपरिक लोकनाट्य कला **गवरी माता का अपमान करने और आदिवासी समाज के खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के मामले में गोगुंदा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कथित घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया अकाउंट पर अपलोड किया था, जिसके वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।
पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को गोगुंदा निवासी 23 वर्षीय घनराम गमेती ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 23 सितंबर को वह चाटियाखेड़ा से गवरी खेलकर गोगुंदा बाईपास लौट रहा था। इसी दौरान एक काले रंग की थार गाड़ी में सवार व्यक्ति ने उसे रोका। आरोप है कि व्यक्ति ने गवरी में महिलाओं द्वारा किए जाने वाले पारंपरिक श्रृंगार और रीति-रिवाजों का मजाक उड़ाया।
पीड़ित ने जब स्वयं के आदिवासी समाज से होने और गवरी को समाज की आस्था व परंपरा का हिस्सा बताते हुए विरोध किया तो आरोपी ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गवरी माता और पूरे समाज का अपमान किया। इसके बाद आरोपी ने घटना का वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से कार्रवाई शुरू की।
साइबर सेल की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा तथा वृत्ताधिकारी वृत गर्ग के सुपरविजन में गोगुंदा थानाधिकारी प्रवीण सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से इंस्टाग्राम आईडी और मुखबिर तंत्र के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की।
पुलिस ने हरियाणा के जिला जींद निवासी पिन्टू उर्फ पिन्टू पिता राजकुमार (25) को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थानाधिकारी प्रवीण सिंह, सहायक उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह, सहायक उपनिरीक्षक कालूलाल, कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह तथा साइबर सेल के गजराज सिंह की भूमिका रही।