आदिवासी राजनीति पर गरमाई डूंगरपुर की सियासत

Share

भाजपा का कांग्रेस और BAP पर हमला, वोट बैंक की राजनीति करने के लगाए आरोप
डूंगरपुर, 18 मई:
डूंगरपुर में आदिवासी राजनीति को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं विधायक गणेश घोघरा तथा भारत आदिवासी पार्टी (BAP) के सांसद राजकुमार रोत पर आदिवासी समाज को गुमराह कर वोट बैंक की राजनीति करने के आरोप लगाए हैं। भाजपा नेताओं ने सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेताओं की कार्यशैली और बयानों पर तीखा हमला बोला तथा जनता के सामने उनके कार्यकाल का हिसाब देने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने साधा निशाना
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक रणोली, विधायक शंकरलाल डेचा, पूर्व सांसद कनकमल कटारा सहित कई नेता मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक रणोली ने कहा कि सांसद राजकुमार रोत और विधायक गणेश घोघरा केवल भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जनता ने सांसद को चुनकर भेजा, लेकिन अब तक क्षेत्र और आदिवासी समाज के लिए कौन से ठोस कार्य किए गए, इसका जवाब मिलना चाहिए। रणोली ने विधायक घोघरा पर सरकारी क्वार्टर पर अवैध कब्जा करने का आरोप भी लगाया।
‘भावनात्मक राजनीति से जनता नहीं भटकेगी’
सागवाड़ा विधायक शंकरलाल डेचा ने सांसद राजकुमार रोत पर सरकार और पेट्रोल-डीजल को लेकर भ्रामक बयान देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सांसद क्षेत्र की वास्तविक समस्याओं को समझने में विफल रहे हैं। वहीं भाजपा नेता बंशीलाल कटारा ने आदिवासी समाज को लेकर दिए गए बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि संविधान में आदिवासी समुदाय को हिंदू के रूप में परिभाषित किया गया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि जनता अब सड़क, पानी, रोजगार और ग्रामीण योजनाओं पर काम का हिसाब मांग रही है तथा केवल भावनात्मक और बयानबाजी की राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चलेगी।