विस्फोटक से भरी पिकअप में जोरदार धमाका, चालक की मौत

Share

10 फीट दूर जा गिरा इंजन, मकानों की दीवारों में आईं दरारें; धमाके से दहशत में घरों से बाहर निकले लोग
उदयपुर, 19 अक्टूबर।
भीलवाड़ा जिले के गुलाबपुरा क्षेत्र में सोमवार सुबह विस्फोटक से भरी पिकअप में जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना भीषण था कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसका इंजन करीब 10 फीट दूर जाकर गिरा। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई। धमाके से बाड़े की दीवार ढह गई, जबकि आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं और खिड़कियों के कांच टूटकर बिखर गए। धमाके की आवाज से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग डरकर अपने घरों से बाहर निकल आए।
गुलाबपुरा थाना प्रभारी संजय गुर्जर के अनुसार, मृतक की पहचान बूंदी निवासी राम अवतार (35) के रूप में हुई है। हादसा आगूंचा गांव में रामदेव खटीक के बाड़े में हुआ। यहां विस्फोटक से भरी पिकअप खड़ी थी, जिसमें अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट के बाद वाहन का चेचिस, टायर और इंजन दूर-दूर जा गिरे। धमाके की तीव्रता से बाड़े की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा।
फॉरेंसिक टीम करेगी जांच
धमाके के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया। मलबे में चालक का शव मिला। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। विस्फोट के कारणों और पिकअप में रखे विस्फोटक की प्रकृति का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।