प्रतापनगर-देबारी कॉरिडोर बनेगा जाम मुक्त

Share


विकास : ₹233 करोड़ की एलिवेटेड रोड से एयरपोर्ट, उद्योग और हाईवे कनेक्टिविटी को मिलेगी नई रफ्तार
उदयपुर, 3 जून:
उदयपुर के पूर्वी हिस्से में प्रतापनगर से देबारी तक रोजाना लगने वाले ट्रैफिक जाम से जल्द राहत मिलने वाली है। शहर के सबसे व्यस्त यातायात कॉरिडोर को सुगम बनाने के लिए ₹233 करोड़ की लागत से एलिवेटेड रोड, अंडरपास और सड़क सुदृढ़ीकरण परियोजना को अंतिम रूप दे दिया गया है। 36 माह में पूरी होने वाली यह परियोजना न केवल शहर की यातायात व्यवस्था बदलेगी, बल्कि एयरपोर्ट, औद्योगिक क्षेत्रों और राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़ी कनेक्टिविटी को भी नया आयाम देगी।
1.9 किमी एलिवेटेड रोड, दो अंडरपास भी
परियोजना के तहत 1900 मीटर लंबी एलिवेटेड रोड, प्रतापनगर फ्लाईओवर के नीचे 640 मीटर और ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में 720 मीटर लंबा अंडरपास बनाया जाएगा। इसके अलावा 3.40 किलोमीटर सड़क का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण भी होगा।
एयरपोर्ट और उद्योगों को मिलेगा सीधा लाभ
प्रतापनगर-देबारी मार्ग शहर का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जो उदयपुर को अहमदाबाद, पिंडवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ता है। यही मार्ग महाराणा प्रताप एयरपोर्ट तक पहुंचने का मुख्य रास्ता भी है। वर्तमान में जाम के कारण यात्रियों और उद्योग क्षेत्र से जुड़े लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
समय, ईंधन और अर्थव्यवस्था की बचत
यूआईटी सचिव हेमेंद्र नागर के अनुसार परियोजना पूरी होने के बाद भारी और स्थानीय यातायात का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा। इससे जाम में कमी आएगी, यात्रा समय घटेगा, ईंधन की बचत होगी और प्रतापनगर-मादड़ी औद्योगिक क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।