गांधी ग्राउंड में भूमि पूजन के साथ विशाल पंडाल निर्माण शुरू
उदयपुर, 8 जून: वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जयंती एवं हल्दीघाटी विजय सार्द्ध चतुःशती उत्सव के तहत 17 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्र चेतना संकल्प सभा की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को गांधी ग्राउंड में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन के साथ विशाल पंडाल निर्माण कार्य शुरू किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित करेंगे।
प्रताप गौरव केंद्र के निदेशक अनुराग सक्सेना ने बताया कि सांसद डॉ. मन्नालाल रावत एवं उनकी पत्नी डॉ. रजनी रावत ने मुख्य यजमान के रूप में भूमि पूजन किया। कार्यक्रम संयोजक सीए महावीर चपलोत ने बताया कि सभा के लिए तीन विशाल डोम, अतिरिक्त मंच, आगंतुकों के लिए अलग-अलग ब्लॉक तथा चिकित्सा, जल और साहित्य की स्टॉल्स स्थापित की जाएंगी। महाराणा प्रताप के शौर्य को दर्शाने वाली चित्र प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी। संस्था अध्यक्ष डॉ. पृथ्वीराज सिंह चौहान ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य महाराणा प्रताप के आदर्शों और राष्ट्रीय चेतना को जन-जन तक पहुंचाना है। हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित यह समारोह वर्षभर चले आयोजनों का समापन भी होगा।