नौकरी दिलाने के नाम पर पुजारी से 15 लाख की ठगी

Share

हार्ट स्पेशलिस्ट बनकर भरोसा जीता, चेक भी हुए बाउंस
सलूम्बर, 11 जून:
सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक पुजारी से 15.15 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश पर सलूम्बर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
परिवादी प्रेमकुमार सुथार ने आरोप लगाया कि उदयपुर निवासी आकाश बागड़ी ने खुद को जयपुर में पदस्थ हार्ट स्पेशलिस्ट बताते हुए सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया। इसके बदले उसने सुरक्षा राशि के रूप में 15 लाख रुपए से अधिक ले लिए।
नौकरी नहीं मिलने पर आरोपी ने राशि लौटाने का आश्वासन देते हुए दो चेक दिए, लेकिन दोनों चेक बैंक से बाउंस हो गए। इसके बाद आरोपी ने पैसे लौटाने से भी इनकार कर दिया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि पैसे मांगने पर उसे धमकियां भी दी गईं। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।