कैदियों से मारपीट मामला: झाड़ोल जेलर और प्रहरी सस्पेंड

Share

एडीजे निरीक्षण के बाद कार्रवाई तेज, तीन बंदियों का मेडिकल-एक्सरे, जांच रिपोर्ट तलब
उदयपुर, 20 मार्च:
उदयपुर के झाड़ोल उपकारागृह में कैदियों के साथ बेरहमी से मारपीट के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए जेलर और एक प्रहरी को सस्पेंड कर दिया है। उदयपुर रेंज के डीआईजी राजेंद्र कुमार ने आदेश जारी कर जेलर करणसिंह गरासिया को केंद्रीय कारागृह बीकानेर और प्रहरी दिनेश कुमार बिश्नोई को बांसवाड़ा जेल में उपस्थिति देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सेंट्रल जेल अधीक्षक से विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी गई है।
इधर, झाड़ोल थाना पुलिस ने भी मामले की जांच तेज कर दी है। थानाधिकारी फैलीराम मीणा के अनुसार अनुमति के बाद पुलिस टीम ने जेल का निरीक्षण कर पीड़ित तीनों बंदियों के बयान दर्ज किए हैं। एक दिन पहले उनका मेडिकल और एक्सरे भी कराया गया था।
मामले का खुलासा 10 मार्च को एडीजे कुलदीप शर्मा के निरीक्षण के दौरान हुआ, जब कैदियों ने खुले तौर पर मारपीट की शिकायत करते हुए शरीर पर लगे घाव दिखाए। आरोप है कि जेलर और प्रहरी ‘सपने साजन के’ लिखे पट्टे से कैदियों को पीटते थे, जो जेल में भय का प्रतीक बन चुका था। एडीजे ने मामले को गंभीर मानते हुए मुकदमा दर्ज करने और कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद अब प्रशासनिक और पुलिस स्तर पर जांच जारी है।