उदयपुर, 29 मई: राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्राध्यापक, कृषि प्राध्यापक एवं कोच भर्ती परीक्षा-2025 का आयोजन 31 मई से 5 जून तक किया जाएगा। उदयपुर जिले में परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकल रहित कराने के लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में परीक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है।
जिले में कुल 85 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 37 सरकारी और 48 निजी विद्यालय शामिल हैं। 31 मई को पहली पारी में सामान्य ज्ञान ग्रुप-ए की परीक्षा होगी, जिसमें 27,552 अभ्यर्थी शामिल होंगे। वहीं दूसरी पारी में हिंदी विषय की परीक्षा में 12,216 परीक्षार्थी बैठेंगे। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए 29 उप समन्वयक, 123 ऑब्जर्वर और प्रत्येक कक्ष में दो वीक्षक तैनात किए गए हैं। साथ ही 15 सतर्कता दल भी निगरानी के लिए सक्रिय रहेंगे।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन एवं परीक्षा समन्वयक दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि परीक्षा को लेकर शुक्रवार को सभी केंद्राधीक्षकों और ऑब्जर्वर्स की बैठक आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था को लेकर विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
परीक्षा कार्यक्रम
31 मई: जीके ग्रुप-ए, हिंदी
1 जून: इतिहास, अंग्रेजी
2 जून: कॉमर्स, रसायन विज्ञान
3 जून: जीके ग्रुप-बी, राजनीति विज्ञान
4 जून: भूगोल, जीव विज्ञान
5 जून: संस्कृत, भौतिक विज्ञान, गणित
जरूरी निर्देश
परीक्षा से 1 घंटा पहले तक ही प्रवेश
प्रवेश पत्र अनिवार्य
मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक गैजेट प्रतिबंधित
प्रत्येक कक्ष में 24 परीक्षार्थी ही बैठेंगे