पीएम की ईंधन बचाओ अपील का पालन, 14 की जगह सिर्फ 4 गाड़ियों का काफिला
उदयपुर, 23 मई: पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया के उदयपुर दौरे में इस बार सादगी और ईंधन बचत का संदेश साफ नजर आया। डबोक एयरपोर्ट पर उनके स्वागत के दौरान न तो भारी भीड़ दिखाई दी और न ही लंबा वीआईपी काफिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने और फिजूलखर्ची रोकने की अपील का पालन करते हुए इस बार 14 गाड़ियों के बजाय केवल 4 गाड़ियों का काफिला ही नजर आया।
पहले ही दे दिए थे निर्देश
राज्यपाल कटारिया ने उदयपुर आने से पहले ही कार्यकर्ताओं और नेताओं से अपील की थी कि एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में लोग और वाहन लेकर न पहुंचें। उन्होंने खुद अपने कारकेड को भी सीमित रखने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को परेशानी न हो और संसाधनों की बचत हो सके।
सीमित संख्या में नेताओं ने किया स्वागत
डबोक एयरपोर्ट पर कैबिनेट मंत्री गौतम दक, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा और भाजपा नेता अतुल चंडालिया सहित चुनिंदा नेताओं ने उनका स्वागत किया।
रविवार को जनसुनवाई करेंगे
दो दिवसीय दौरे पर आए राज्यपाल कटारिया शनिवार को चित्तौड़गढ़ भी जाएंगे। रविवार सुबह 10 बजे वे सर्किट हाउस में जनसुनवाई करेंगे। सोमवार सुबह उनके चंडीगढ़ लौटने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।