बड़गांव में पेयजल लाइन बिछाने पर उठे सवाल, गंदे पानी की डक्ट में पाइप डालने का आरोप

Share


उदयपुर, 22 अगस्त:
शहर से सटे बड़गांव क्षेत्र में पेयजल लाइन बिछाने के काम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने जलदाय विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि नई पेयजल पाइपलाइन ऐसी डक्ट में डाली जा रही है, जिसमें लंबे समय से गंदा पानी और कीचड़ जमा रहता है। लोगों ने इसे भविष्य में पेयजल की शुद्धता और स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बताया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बड़गांव मेन रोड के समीप नाली के सहारे बनी इस डक्ट में वर्षभर गंदा पानी जमा रहता है। इसी स्थान पर पेयजल पाइपलाइन डालने का काम किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन में भविष्य में किसी तरह का रिसाव या क्षति हुई तो डक्ट में जमा दूषित पानी पेयजल लाइन में प्रवेश कर सकता है। इससे जलजनित बीमारियों का खतरा पैदा हो सकता है।
60 फीट सीसी रोड के किनारे जगह होने का दावा
ग्रामीणों का कहना है कि उदयपुर विकास प्राधिकरण की ओर से 60 फीट चौड़ी सीसी रोड के दोनों ओर भविष्य में यूटिलिटी लाइनें डालने के लिए कच्ची जगह छोड़ी गई थी। उनका आरोप है कि सड़क की उपयोगी पट्टी में सुरक्षित स्थान उपलब्ध होने के बावजूद जलदाय विभाग ने उस विकल्प का इस्तेमाल नहीं किया और गंदे पानी की डक्ट में पाइपलाइन डालने का काम शुरू कर दिया।
कलेक्टर से शिकायत, काम रोकने की मांग
मामले को लेकर क्षेत्रवासियों ने जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और जलदाय विभाग के उच्च अधिकारियों को जानकारी दी है। ग्रामीणों ने मांग की है कि कार्य को तत्काल रोका जाए, मौके का तकनीकी निरीक्षण कराया जाए और पाइपलाइन को सुरक्षित स्थान पर डाला जाए। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल लाइन से जुड़ा मामला सीधे लोगों के स्वास्थ्य से संबंधित है। इसलिए पाइपलाइन चालू होने से पहले इसकी सुरक्षा और तकनीकी मानकों की जांच जरूरी है। अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है।