क्विक रीड: क्राइम न्यूज— ट्रांसफार्मर से करंट लगने पर लेपर्ड की मौत

Share


राजसमंद, 7 जून: राजसमंद जिले के चारभुजा थाना क्षेत्र के अमरतीया गांव में खेत पर लगे ट्रांसफार्मर के करंट की चपेट में आने से एक मादा लेपर्ड की मौत हो गई। ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर पर शव लटका देखा तो विद्युत विभाग और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही झीलवाड़ा रेंज की वन विभाग टीम मौके पर पहुंची और पहले बिजली आपूर्ति बंद करवाई। इसके बाद ग्रामीणों की सहायता से लेपर्ड के शव को नीचे उतारा गया। वन विभाग की टीम शव को पीपरड़ा नर्सरी ले गई, जहां पशु चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम किया। अधिकारियों के अनुसार मृत मादा लेपर्ड की उम्र करीब एक वर्ष थी। नियमानुसार अंतिम संस्कार कर वन विभाग ने मामले की रिपोर्ट तैयार की। कार्रवाई के दौरान वन विभाग और ग्रामीणों की टीम मौजूद रही।

बाइक हादसे में युवक की मौत
डूंगरपुर, 7 जून:
बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-48 पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार जेलाणा निवासी विनेश भगोरा अपने चचेरे भाई सोहन के साथ बाइक से खेरवाड़ा जा रहा था। शेरावाड़ा गांव के पास मोड़ पर तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे बैठा विनेश सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों और हाईवे मोबाइल टीम की मदद से उसे शिशोद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान विनेश ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सांप के डसने से मासूम की मौत
बांसवाड़ा, 7 जून:
गढ़ी थाना क्षेत्र के खटवाड़ा गांव में सांप के काटने से छह वर्षीय मासूम रौनक मईड़ा की मौत हो गई। छुट्टियां बिताने नाना के घर आए रौनक को रविवार सुबह घर के बाहर खेलते समय सांप ने डस लिया। परिजन तुरंत उसे परतापुर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद बच्चे को बचाया नहीं जा सका। बताया गया कि सांप के काटने के करीब डेढ़ घंटे के भीतर ही उसकी मौत हो गई। रौनक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और 15 दिन पहले ही अपने माता-पिता के साथ ननिहाल आया था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।