दिनेश भट्ट, प्रमोद सामर, पारस सिंघवी, आकाश बागरेचा, अतुल चंडालिया और महेंद्र सिंह शेखावत के नाम चर्चा में, जातीय संतुलन भी बनेगा आधार
उदयपुर, 14 सितंबर: नगर निगम चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल करने के बाद भाजपा में अब मेयर पद को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। मेयर पद के लिए पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट, प्रमोद सामर, पारस सिंघवी, आकाश बागरेचा, अतुल चंडालिया और महेंद्र सिंह शेखावत जैसे प्रमुख नाम सामने हैं। इन नामों के बीच अब सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि क्या पार्टी किसी बड़े चेहरे को मेयर की कुर्सी सौंपेगी या संगठन से जुड़े नए पार्षद को आगे लाकर चौंकाने वाला फैसला करेगी। आगामी 21 सितम्बर को यह सब साफ हो जाएगा।
ऐसी चर्चा है कि विधायक पद पर जैन समाज को मौका दिए जाने के बाद भाजपा मेयर पद पर जातीय संतुलन को भी ध्यान में रख सकती है। इस समीकरण में पार्टी के सामने किसी ऐसे नए निर्वाचित पार्षद का विकल्प भी मौजूद है, जो लंबे समय से संगठन से जुड़ा रहा है और विभिन्न स्तरों पर पार्टी के लिए सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। ऐसे चेहरे को मौका देकर भाजपा एक साथ सामाजिक संतुलन और संगठन के पुराने कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने का संदेश दे सकती है।
मेयर चयन में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की पसंद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यही वजह है कि चर्चित दावेदारों के नामों के बीच नए चेहरे की संभावना ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। यदि भाजपा बड़े नामों को पीछे छोड़कर नए पार्षद पर दांव लगाती है तो यह उदयपुर की स्थानीय राजनीति में बड़ा और अप्रत्याशित फैसला माना जाएगा।