बांसवाड़ा में 353 ठिकानों पर छापे, 130 आरोपी गिरफ्तार

Share

55 पुलिस टीमों की एक साथ कार्रवाई, अवैध शराब भट्टियां ध्वस्त; अपराधियों में मचा हड़कंप
बांसवाड़ा, 7 जून:
उदयपुर रेंज आईजी के निर्देश पर बांसवाड़ा पुलिस ने रविवार को ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र-2’ के तहत जिलेभर में अब तक की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसपी सुधीर जोशी के नेतृत्व में 55 विशेष टीमों के 257 पुलिसकर्मियों ने 353 चिन्हित ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर 130 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और सक्रिय अपराधियों पर शिकंजा कसना था।
कार्रवाई के दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 39 मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने 351 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की तथा 42 अवैध शराब भट्टियों को नष्ट कर करीब 6690 लीटर महुआ वॉश मौके पर ही नष्ट करवा दिया। आर्म्स एक्ट के तहत एक आरोपी को तलवार सहित गिरफ्तार किया गया। वहीं 14 वांछित अपराधियों, 8 चेक बाउंस मामलों के आरोपियों और 10 अन्य फरार बदमाशों को भी पकड़ा गया।
हिस्ट्रीशीटरों और अपराधियों पर विशेष नजर
अभियान के दौरान 44 हिस्ट्रीशीटरों की जांच की गई, जबकि चोरी, नकबजनी, लूट और डकैती जैसे मामलों में संलिप्त 55 अपराधियों से पूछताछ की गई। शांति व्यवस्था भंग करने की आशंका में 85 लोगों को भी गिरफ्तार किया गया। एसपी सुधीर जोशी ने कहा कि अपराधियों और अवैध धंधों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से जिले में सक्रिय अपराधियों में खौफ का माहौल है।