उज्जैन, इंदौर और रीवा में संभाग स्तरीय कार्यशालाओं में मुख्य अतिथि एवं मार्गदर्शक की निभाएंगे भूमिका
जयपुर/उदयपुर, 11 जुलाई: स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के तहत राजस्थान सरकार के प्रदेश स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर के.के. गुप्ता को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और नवाचारों के लिए मध्यप्रदेश शासन ने संभाग स्तरीय क्षमतावर्धन प्रशिक्षण कार्यशालाओं में मुख्य अतिथि एवं मार्गदर्शक के रूप में आमंत्रित किया है।
मध्यप्रदेश शासन द्वारा 15 से 20 जुलाई 2026 के बीच उज्जैन, इंदौर और रीवा संभाग में आयोजित इन कार्यशालाओं में 1 अप्रैल 2026 से लागू ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जनप्रतिनिधियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें नगर निगम और नगर परिषदों के महापौर, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और नेता सदन भाग लेंगे।
आमंत्रण पत्र में राजस्थान में स्वच्छता जन-आंदोलन को नई दिशा देने, डूंगरपुर को स्वच्छता मॉडल के रूप में विकसित करने तथा जनसहभागिता आधारित ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए के.के. गुप्ता के प्रयासों की सराहना की गई है।
गौरतलब है कि गुप्ता ने गुजरात के गांधीनगर संसदीय क्षेत्र के पांच आदर्श गांवों में भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। यह आमंत्रण राजस्थान के स्वच्छता मॉडल को देशभर में मिल रही बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जा रहा है।