फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन में राजस्थान देश में चौथे स्थान पर

Share

7,800 करोड़ के प्रीमियम के बदले किसानों को मिले 35,600 करोड़ रुपए के क्लेम
उदयपुर, 26 सितम्बर:
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभावी एवं तकनीक आधारित क्रियान्वयन में राजस्थान ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। भारत सरकार की योजना-विशिष्ट मापदंडों पर आधारित रैंकिंग में राजस्थान ने 43.5 अंक हासिल कर देश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। असम 55.5 अंक के साथ पहले और उत्तर प्रदेश 47.5 अंक के साथ दूसरे स्थान पर रहा।
राजस्थान को फसल कटाई प्रयोग ऐप के माध्यम से ऑनलाइन करने और येसटेक के क्रियान्वयन में 10-10 अंक मिले हैं। वहीं केसीसी खातों के नामांकन में 7.5 और शिकायत निवारण में 6 अंक प्राप्त हुए। राज्य में करीब 90 प्रतिशत फसल कटाई प्रयोग ऐप के माध्यम से ऑनलाइन किए जा चुके हैं।
कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने बताया कि खरीफ 2016 से खरीफ 2026 तक राज्य में 25.47 करोड़ फसल बीमा पॉलिसियां सृजित हुईं। इस अवधि में किसानों ने 7,800 करोड़ रुपए प्रीमियम के रूप में जमा किए, जबकि उन्हें 35,600 करोड़ रुपए के फसल बीमा क्लेम का भुगतान किया गया। यह किसानों द्वारा जमा प्रीमियम का करीब 4.5 गुना है।
राज्य के 52,946 गांवों में से 47,028 गांवों यानी करीब 89 प्रतिशत के भू-अभिलेख फसल बीमा पोर्टल से जोड़े जा चुके हैं। गोयल ने बताया कि फसल बीमा योजना में फर्जीवाड़ा स्वीकार नहीं किया जाएगा। 10 से अधिक मामलों में एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है। शत-प्रतिशत फसल कटाई प्रयोग ऐप के माध्यम से ऑनलाइन कराने के निर्देश दिए गए हैं।