उदयपुर, 29 जून: हैदराबाद के जीएमसी बालयोगी स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर इक्विप्ड पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में राजस्थान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण, आठ रजत और तीन कांस्य सहित कुल 15 पदक अपने नाम किए। इस उपलब्धि के साथ राजस्थान ने सब जूनियर बालक वर्ग की टीम चैंपियनशिप जीती, जबकि बालिका वर्ग में उपविजेता रहा।
राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने बताया कि रंजीत मंडल, श्रीकांत बिस्सा, ममता चांवरिया और कशिश बण ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं विभिन्न भार वर्गों में व्योम जावा, सिद्धि पांडे, चिराग शर्मा, प्रिंस, महेश कुमार, भूमिका सारस्वत और आकांक्षा कुमावत सहित कई खिलाड़ियों ने रजत पदक हासिल किए, जबकि जीनल गुजराती, मनीष चौधरी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जितेंद्र शर्मा ने कांस्य पदक जीते। राजस्थान टीम के प्रदर्शन पर खेल जगत से जुड़े पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई दी। जुलाई में आयोजित होने वाली राज्य सीनियर पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता में सभी पदक विजेताओं का सम्मान किया जाएगा।