बीएन यूनिवरसिटी और आरएमवी कॉलेज के रजिस्ट्रार ऑफिस सीज

Share

यूडी टैक्स पर निगम की सख्ती
उदयपुर, 26 मार्च:
नगर निगम उदयपुर ने यूडी टैक्स बकाया रखने वालों के खिलाफ सख्ती बढ़ाते हुए गुरुवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीमों ने शहर के दो प्रमुख शिक्षण संस्थानों—बीएन यूनिवर्सिटी और आरएमवी महिला कॉलेज—के रजिस्ट्रार कार्यालय सीज कर दिए। यह कार्रवाई सुबह 6 बजे की गई, जिससे परिसर में हलचल मच गई, हालांकि परीक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मुख्य प्रवेश द्वार को प्रभावित नहीं किया गया।
30 लाख से अधिक टैक्स बकाया
नगर निगम के अनुसार दोनों संस्थानों पर कुल 30 लाख रुपए से अधिक का यूडी टैक्स बकाया है। इसमें बीएन यूनिवर्सिटी पर लगभग 25 लाख रुपए और आरएमवी कॉलेज पर करीब 5 लाख रुपए लंबे समय से लंबित हैं। निगम द्वारा कई बार नोटिस जारी करने के बावजूद संबंधित प्रबंधन ने भुगतान नहीं किया, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया।
सुबह-सुबह पहुंची टीम, चस्पा किए नोटिस
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना के निर्देश पर राजस्व शाखा की टीमों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। रेवेन्यू इंस्पेक्टर मोहित अग्निहोत्री, विजय जैन और राहुल मीणा के नेतृत्व में टीम ने दोनों कॉलेजों के रजिस्ट्रार कार्यालयों को सीज करते हुए नोटिस चस्पा किए। कार्रवाई इतनी तेजी से की गई कि सुबह के समय परिसर में कम हलचल के बीच पूरी प्रक्रिया संपन्न हो गई।
20 करोड़ वसूली का लक्ष्य
नगर निगम ने इस वित्तीय वर्ष में 20 करोड़ रुपए यूडी टैक्स वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया है। 26 मार्च तक 17.60 करोड़ रुपए की वसूली हो चुकी है। आयुक्त अभिषेक खन्ना ने चेतावनी दी है कि जो भी प्रॉपर्टी मालिक समय पर टैक्स जमा नहीं करेंगे, उनके खिलाफ इसी तरह की सीजिंग कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।