मिट्टी के ढेर से टकरा रहे वाहन, ग्रामीण बोले- अब तक 20 से ज्यादा हादसे
राजसमंद, 15 मई: गौमती-उदयपुर फोरलेन पर नेगड़िया के पास चल रहे पुल निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई है। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा रहे।
जानकारी के अनुसार नाथद्वारा-उदयपुर मार्ग पर पिछले करीब चार महीने से ओवरब्रिज निर्माण का काम चल रहा है। निर्माण स्थल पर मुख्य सड़क के आगे मिट्टी का बड़ा ढेर डाल दिया गया है, जबकि रोड डाइवर्जन से पहले पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और स्पीड कंट्रोल के इंतजाम नहीं किए गए। ढलान होने और वाहनों की तेज गति के कारण खासकर रात में चालक भ्रमित होकर सीधे मिट्टी के ढेर से टकरा रहे हैं।
ग्रामीणों ने उठाए सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि अब तक यहां 20 से अधिक दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए और लोग घायल भी हुए। हादसों के बाद ठेकेदार को शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन और निर्माण एजेंसी से मांग की है कि निर्माण स्थल पर तुरंत सुरक्षा इंतजाम बढ़ाए जाएं, ताकि हादसों पर रोक लग सके।