15AD बेकरी का होल व्हीट ब्रेड सैम्पल जांच में अनसेफ

Share

सीएमएचओ बोले- अपील नहीं करने पर निरस्त होगा लाइसेंस, खाद्य सुरक्षा विभाग ने दी नोटिस की सूचना
उदयपुर, 10 नवम्बर :
उदयपुर में सहेलियों की बाड़ी स्थित 15AD बेकरी एंड कैफे के होल व्हीट आटा ब्रेड का सैम्पल खाद्य जांच में अनसेफ पाया गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने बेकरी के खिलाफ लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य ने बताया कि हेल्पलाइन पर शिकायत मिली थी कि बेकरी में ब्रेड तैयार करने और बेचने के दौरान स्वच्छता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है। शिकायत के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणजीत सिंह चौहान ने कैफे पहुंचकर ब्रेड का सैम्पल लिया था और जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा था। जांच रिपोर्ट में सैम्पल अनसेफ पाया गया।
डॉ. आदित्य के अनुसार, इस संबंध में बेकरी संचालक मोहम्मद मोहद्दीश सूबानी को नियमानुसार सूचना देकर अपील के प्रावधानों से अवगत कराया गया है। निर्धारित समय में अपील नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत बेकरी का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।