अंजुमन तालीमुल इस्लाम की अगुवाई में निकला भव्य जुलूसे मोहम्मदी, हजारों अकीदतमंद हुए शामिल
उदयपुर, 26 अगस्त: ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर बुधवार को उदयपुर में आस्था और उल्लास का माहौल नजर आया। अंजुमन तालीमुल इस्लाम की अगुवाई में अंजुमन चौक से निकले भव्य जुलूसे मोहम्मदी में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से हजारों अकीदतमंद शामिल हुए। ‘सरकार की आमद मरहबा’, ‘दिलदार की आमद मरहबा’ और ‘मदनी की आमद मरहबा’ के नारों से शहर की गलियां गूंज उठीं।
अंजुमन सदर मुख्तार अहमद कुरैशी ने बताया कि ईद मिलादुन्नबी को लेकर पिछले 12 दिनों से शहर के विभिन्न मोहल्लों में जश्न, जलसे, मिलादे पाक और फातिहा-ख्वानी सहित धार्मिक आयोजन हुए। जुलूस बाद नमाजे जौहर अंजुमन चौक से रवाना होकर सिंधी बाजार, बड़ा बाजार, घंटाघर, मोती चौहट्टा, हाथीपोल, अम्बावगढ़, मुल्लातलाई होते हुए ब्रह्मपोल स्थित दरगाह पहुंचा।
जुलूस में आयड़, पहाड़ा, रहमानिया कॉलोनी, खेमपुरा, हिरणमगरी, सवीना, खांजीपीर, सज्जनगर, अलीपुरा, धोलीबावड़ी सहित विभिन्न मोहल्लों के जुलूस बैनर और झंडियों के साथ शामिल हुए। नातिया कलाम और नारों से माहौल भक्तिमय रहा।
मार्ग में जगह-जगह पानी, शर्बत और तबर्रूक के स्टॉल लगाए गए। विभिन्न मोहल्ला कमेटियों ने अंजुमन पदाधिकारियों का स्वागत किया। शाम को मौलाना जहीरूलहसन उर्फ बड़े मौलाना साहब के उर्स पर चादर पेश कर कुल की फातिहा-ख्वानी की गई।