ग्राम सभा में नहीं पहुंचे सरपंच-सचिव, घंटों इंतजार के बाद लौटे ग्रामीण

Share

विकास कार्यों पर नहीं हो सकी चर्चा, ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की उठाई मांग
उदयपुर, 29 जून:
सायरा ब्लॉक की जेमली ग्राम पंचायत में आयोजित ग्राम सभा उस समय विवाद का कारण बन गई, जब निर्धारित समय पर न तो सरपंच पहुंचे और न ही ग्राम सचिव। विकास अधिकारी के निर्देश पर बुलाई गई सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने जरूरी कार्यों और समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पंचायत भवन पहुंचे, लेकिन घंटों इंतजार के बाद उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा।
ग्रामीणों के अनुसार वे सुबह से पंचायत भवन पर फाइलों और दस्तावेजों के साथ मौजूद रहे, लेकिन पंचायत भवन पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा। इससे पानी, बिजली, सड़क और अन्य विकास कार्यों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा भी नहीं हो सकी।
स्थानीय निवासी ईश्वर सिंह राजपूत ने कहा कि ग्रामीण खेती-बाड़ी और मजदूरी छोड़कर पंचायत पहुंचे थे, लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से पूरे गांव का समय बर्बाद हुआ। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। उन्होंने जिला प्रशासन से बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले सरपंच और ग्राम सचिव के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।