एससी वर्ग में 34वीं रैंक, तहसीलदार बनने की उम्मीद
उदयपुर, 18 अप्रैल: उदयपुर जिले के वल्लभनगर क्षेत्र के रूंडेड़ा गांव निवासी पवन मेघवाल ने राजस्थान प्रशासनिक सेवा परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। एससी वर्ग में 34वीं रैंक प्राप्त करने वाले पवन को तहसीलदार सेवा में चयन की उम्मीद है। उनकी सफलता से गांव में खुशी का माहौल है और परिजन व ग्रामीण उन्हें बधाइयां दे रहे हैं।
पवन के पिता डालचंद मेघवाल सेवानिवृत्त शिक्षक हैं, जबकि माता शांता देवी गृहिणी हैं। पवन ने आईआईटी से बीटेक करने के बाद पिछले सात वर्षों तक लगातार सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी की। उन्होंने बताया कि इस दौरान उन्होंने केवल आईएएस और आरएएस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं पर ही ध्यान केंद्रित रखा और किसी अन्य परीक्षा में हिस्सा नहीं लिया।
पवन के अनुसार यह सफर आसान नहीं था। बदलते परीक्षा पैटर्न और कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण कई बार तनावपूर्ण परिस्थितियां बनीं, लेकिन ईश्वर में विश्वास और निरंतर मेहनत ने उन्हें सफलता दिलाई। उन्होंने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, परिवार और मित्र उज्ज्वल दाधीच को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका मनोबल बढ़ाया।