आश्रम में दुष्कर्म से पहले भी यौन शोषण

Share

दुकानदार पर भी गलत हरकतों का आरोप; आश्रम संचालिका के भाई की गिरफ्तारी, बच्ची बालिका गृह में
उदयपुर, 18 अगस्त:
उदयपुर में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में जांच के दौरान एक और गंभीर तथ्य सामने आया है। बाल कल्याण समिति की काउंसलिंग में बच्ची ने बताया कि आश्रम में भेजे जाने से पहले भी एक व्यक्ति ने उसके साथ गलत हरकतें की थीं। इस मामले में पुलिस ने अभी तक उस व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया है।
मजदूरी पर जाते थे पिता, दुकानदार के पास छोड़ते थे बच्ची
CWC अध्यक्ष यशोदा पनिया के अनुसार बच्ची की मां का निधन हो चुका है। पिता मजदूरी करने जाते थे और इस दौरान बच्ची को एक स्थानीय दुकानदार के पास छोड़ जाते थे। बच्ची ने दुकानदार पर छेड़छाड़ और यौन शोषण का आरोप लगाया। बाद में पिता ने उसे आश्रम में छोड़ दिया।
शिक्षक को बताई आपबीती, फिर हुआ रेस्क्यू
आश्रम संचालिका के 50 वर्षीय भाई पर बच्ची से दुष्कर्म का आरोप है। बच्ची ने इसकी जानकारी संचालिका को दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप है। 5 अगस्त को स्कूल शिक्षक को बच्ची ने आपबीती बताई। चाइल्ड हेल्पलाइन की सूचना पर 6 अगस्त को उसे रेस्क्यू किया गया। 13 अगस्त को CWC की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ और मुख्य आरोपी गिरफ्तार किया गया। मंगलवार को जांच के लिए पहुंची टीम को आश्रम बंद मिला। बच्ची को सरकारी बालिका गृह में रखा गया है।