टिकट के लिए कांग्रेस कार्यालय में दिखाया दम, दावेदार समर्थकों की भीड़ के साथ पहुंचे

Share

शहर-देहात में दिनभर चुनावी हलचल; महिला दावेदारों ने भी आवेदन सौंपे, वार्ड प्रभारियों से लिया फीडबैक
उदयपुर, 25 अगस्त:
नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस में टिकट की दौड़ तेज हो गई है। मंगलवार को शहर और देहात कांग्रेस कार्यालयों में दावेदारों ने समर्थकों के साथ पहुंचकर अपनी ताकत दिखाई और टिकट के लिए आवेदन पेश किए। शास्त्री सर्कल स्थित शहर कांग्रेस कार्यालय में सुंदरवास, हिरणमगरी, गोवर्धन विलास सहित विभिन्न क्षेत्रों से दावेदार शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़ के समक्ष पहुंचे। वहीं महिला दावेदारों ने भी महिला कांग्रेस के नेतृत्व में प्रभारी नेताओं को आवेदन सौंपे।
देहात कांग्रेस ने वार्डों का फीडबैक लिया
सूरजपोल स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में देहात जिलाध्यक्ष रघुवीर सिंह मीणा ने नगर निगम के वार्ड प्रभारियों के साथ वन-टू-वन समीक्षा की। प्रभारियों से वार्डों में वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से हुए संवाद की जानकारी ली गई। साथ ही वार्डवासियों से संपर्क और संभावित प्रत्याशियों को लेकर फीडबैक लिया गया।
महिला दावेदारों ने भी पेश की दावेदारी
शहर महिला कांग्रेस की बैठक में इच्छुक महिला प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं ने चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारीका भानुप्रताप सिंह के अनुसार पार्षद पद की इच्छुक महिलाओं ने प्रभारी नेताओं को आवेदन सौंपे। बैठक में शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतहसिंह राठौड़, प्रदेश महासचिव एवं प्रभारी हरीश चौधरी, सह प्रभारी डिम्पल राठौड़ और विधानसभा प्रभारी राजपाल सिंह मौजूद रहे।
पंचायत टास्क फोर्स का पोस्टर जारी
शहर कांग्रेस कार्यालय में पंचायत टास्क फोर्स के नेशनल कॉर्डिनेटर अर्जुन मिश्रा ने अभियान की जानकारी दी। शहर अध्यक्ष राठौड़ सहित नेताओं ने पोस्टर का विमोचन किया। मिश्रा ने कहा कि अभियान के तहत युवाओं को ब्लॉक से ढाणी स्तर तक संगठन से जोड़ा जाएगा।
जैन समाज ने मांगा प्रतिनिधित्व
महावीर जैन परिषद की बैठक में सकल जैन समाज ने नगर निगम के 80 वार्डों में पर्याप्त प्रतिनिधित्व की मांग की। अध्यक्ष राजकुमार फत्तावत ने भाजपा और कांग्रेस से जैन समाज के योग्य प्रतिनिधियों को पार्षद प्रत्याशी बनाने का आग्रह किया।