हिंदुस्तान जिंक के वाहन से गिरी 946 किलो धातु, पुलिस ने जेसीबी से वापस रखवाई
उदयपुर, 26 मई: भीलवाड़ा जिले में पंडेर-कोटड़ी मार्ग पर सोमवार दोपहर सड़क के बीच करीब 90 लाख रुपए कीमत की चांदी की सिल्ली पड़ी मिलने से हड़कंप मच गया। जिला विशेष शाखा (डीएसबी) की टीम ने समय रहते सिल्ली को सुरक्षित कर चोरी और बड़े हादसे की आशंका टाल दी। करीब 946 किलो वजनी सिल्ली पर 3.75 प्रतिशत शुद्धता अंकित थी।
सीएम ड्यूटी से लौट रही थी पुलिस टीम
डीएसबी के एएसआई देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस टीम टोंक जिले में आयोजित वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ड्यूटी से लौट रही थी। इसी दौरान आरआर ईंट उद्योग के पास सड़क पर चमकीली धातु दिखाई दी। कांस्टेबल राघवेंद्र सिंह ने पास जाकर देखा तो भारी चांदी की सिल्ली सड़क पर पड़ी थी।
दो टीम बनाकर शुरू की जांच
पुलिस ने तत्काल दो टीमें बनाईं। एक टीम सिल्ली की निगरानी में लगी रही, जबकि दूसरी ने आसपास वाहनों की तलाश शुरू की। कुछ दूरी पर मिले भारी वाहन के चालक कालूराम कुमावत ने बताया कि वह हिन्दुस्तान जिंक माइंस रुद्रपुर से धातु लेकर गुजरात जा रहा था। जांच में सामने आया कि सिल्ली उसी वाहन से गिर गई थी और चालक को इसकी जानकारी तक नहीं थी। बाद में जेसीबी की मदद से सिल्ली को दोबारा वाहन में सुरक्षित रखवाया गया।