उदयपुर, 19 मई: पूज्य सिंधी पंचायत, हिरण मगरी उदयपुर द्वारा सेक्टर-3 स्थित मोक्षधाम (श्मशान भूमि) के सौंदर्यीकरण एवं आवश्यक मरम्मत कार्यों को लेकर नगर निगम आयुक्त को पत्र भेजा गया। पंचायत पदाधिकारियों ने मोक्षधाम में लंबे समय से चली आ रही विभिन्न समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्य करवाने की मांग की।
पंचायत अध्यक्ष मुरली राजानी ने बताया कि मोक्षधाम आमजन की आस्था एवं संवेदनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है, जहां मूलभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की तत्काल आवश्यकता महसूस की जा रही है। पत्र में मोक्षधाम परिसर में दाहसंस्कार स्थान पर बने टिन शेड के नीचे बने बड़े-बड़े गड्ढों को भरवाकर समतल करवाने, लकड़ी रखने हेतु टीन शेड का निर्माण कराने, परिसर में उगी झाड़ियों एवं घास की नियमित सफाई करवाने तथा आगंतुकों एवं शोकसभा में आने वाले लोगों के बैठने हेतु लगी बैच दूर- दूर है उसकी व्यवस्थित व्यवस्था किए जाने की मांग रखी गई।
राजानी ने बताया कि मोक्षधाम परिसर की प्रतिदिन साफ-सफाई सुनिश्चित करने, जिम्मेदार केयरटेकर की नियुक्ति करने, पार्किंग एवं रास्तों का समतलीकरण करवाने तथा परिसर में वृक्षारोपण एवं हरियाली विकसित कर सौंदर्यीकरण किए जाने की मांग की गई है। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैठने एवं शौचालय की समुचित व्यवस्था तथा मुख्य द्वार एवं नाम पट्टिका के नवीनीकरण की भी मांग रखी गई।
पंचायत पदाधिकारियों ने नगर निगम प्रशासन से आग्रह किया कि आमजन की सुविधा एवं धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मोक्षधाम की व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुधारा जाए। साथ ही जीवन मोक्षधाम में भी आवश्यक मरम्मत एवं सुविधाओं का विस्तार करवाने की मांग की गई।
इस अवसर पर महासचिव ओमप्रकाश तलदार, उपाध्यक्ष गिरीश राजानी,बसन्त पंजवानी, लक्ष्मणदास रामचंदानी, सचिव दिलीप लुंज, कोषाध्यक्ष अशोक तनवानी सहित समाज के कई गणमान्य सदस्यों ने मांग का समर्थन किया।