उदयपुर, 14 मई: शहीद मेजर मुस्तफा की जयन्ती पर आयोजित कार्यक्रम में उस समय अत्यन्त भावुक वातावरण बन गया, जब युवा चित्रकार सौरभ शर्मा ने शहीद की बहिन अलेफिया बोहरा को मेजर मुस्तफा की चित्रकृति भेंट स्वरूप प्रदर्शित की। अपने शहीद भाई का सजीव चित्र देखकर अलेफिया बोहरा भावुक एवं अभिभूत हो उठीं।
शहीद मेजर मुस्तफा चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान यह विशेष क्षण उपस्थित हुआ। चित्रकार सौरभ शर्मा ने बताया कि यह चित्र उन्होंने शहीद मेजर मुस्तफा की माताजी फातेमा बोहरा के आग्रह पर तैयार किया है। चित्रकृति में शहीद मेजर मुस्तफा के व्यक्तित्व, साहस एवं राष्ट्रसेवा की भावना को उकेरने का प्रयास किया गया है।
इस अवसर पर ट्रस्ट के पदाधिकारीगण, पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी, चित्रकार सौरभ शर्मा के पिता डॉ. विजय विप्लवी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि उदयपुर निवासी युवा चित्रकार सौरभ शर्मा ने महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल से अध्ययन करने के पश्चात इंग्लैण्ड स्थित आर्ट्स यूनिवर्सिटी बोर्नमाऊथ से दृश्य कला विषय में स्नातकोत्तर उपाधि प्राप्त की है।