उदयपुर/प्रतापगढ़, 7 मई: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार सुबह प्रतापगढ़ जिले के बंबोरी गांव में मॉर्निंग वॉक कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने गांव की गलियों में घूमकर बुजुर्गों, महिलाओं, युवाओं और बच्चों से मुलाकात की तथा उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। मुख्यमंत्री ने खाट पर बैठकर ग्रामीणों से बातचीत की और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री बुधवार शाम को प्रतापगढ़ पहुंचे थे और विकास चौपाल के बाद किसान गोपाल जणवा के घर रात्रि विश्राम किया। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे से 8:30 बजे तक उन्होंने गांव में भ्रमण किया। मॉर्निंग वॉक के दौरान विधायक श्रीचंद्र कृपलानी, मंत्री गौतम दक सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट बांटते हुए उनकी पढ़ाई और होमवर्क के बारे में भी पूछा।
ग्रामीणों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को समृद्ध बनाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने युवाओं को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी। महिलाओं से राजीविका योजना से जुड़ाव पर चर्चा करते हुए आत्मनिर्भरता पर जोर दिया, वहीं बुजुर्गों से स्वास्थ्य एवं पेंशन योजनाओं को लेकर बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के समग्र विकास से ही विकसित राजस्थान का सपना साकार होगा।
मॉर्निंग वॉक के बाद मुख्यमंत्री ने लक्ष्मीनाथ मंदिर, चारभुजानाथ मंदिर और श्री गंगेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन कर अभिषेक किया। इस दौरान मंत्री हेमंत मीणा, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला अध्यक्ष रतन गाडरी, महावीर सिंह कृष्णावत, पूर्व विधायक बद्रीलाल जाट, अशोक नवलखा, जिला प्रमुख गब्बर सिंह, प्रभारी मंत्री मंजू बाघमार, जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और उदयपुर रेंज आईजी भी मौजूद रहे।