टिकट को लेकर भाजपा कार्यालय के बाहर नारेबाजी, वार्ड-3 में पैराशूट प्रत्याशी का विरोध

Share

नामांकन के दूसरे दिन भाजपा-कांग्रेस के कई दावेदारों ने भरे पर्चे; पूर्व डिप्टी मेयर महेंद्र सिंह शेखावत समेत प्रमुख चेहरे मैदान में
उदयपुर, 29 अगस्त:
उदयपुर नगर निगम चुनाव में नामांकन के दूसरे दिन शनिवार को कलेक्ट्रेट में राजनीतिक गहमागहमी चरम पर रही। भाजपा और कांग्रेस की अधिकृत सूचियां जारी नहीं होने के बावजूद दोनों दलों के कई दावेदारों ने नामांकन दाखिल कर दिया। वहीं भाजपा के वार्ड नंबर 3 में संभावित प्रत्याशी को लेकर कार्यकर्ताओं का विरोध खुलकर सामने आ गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पटेल सर्किल स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए कथित ‘पैराशूट प्रत्याशी’ का विरोध किया। कार्यकर्ताओं ने साफ कहा कि वार्ड का प्रत्याशी स्थानीय और संगठन से जुड़ा होना चाहिए।
वार्ड-3 में टिकट को लेकर कार्यकर्ताओं में नाराजगी
सूत्रों के अनुसार वार्ड-3 से गिरीश श्रीमाली का नाम संभावित प्रत्याशी के रूप में चर्चा में आने के बाद कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष गजपाल सिंह और प्रमोद सामर के समक्ष अपनी आपत्ति रखी। उनका कहना था कि पार्टी को टिकट देने का अधिकार है, लेकिन प्रत्याशी वार्ड का स्थानीय निवासी और जमीन से जुड़ा हुआ होना चाहिए। बूथ स्तर पर वर्षों से संगठन के लिए काम करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
पूर्व डिप्टी मेयर ने भी भरा पर्चा
नामांकन दाखिल करने वालों में भाजपा नेता एवं पूर्व डिप्टी मेयर महेंद्र सिंह शेखावत प्रमुख नाम रहे। उन्होंने वार्ड-75 से नामांकन दाखिल किया। भाजपा की ओर से वार्ड-33 से जतिन श्रीमाली, वार्ड-47 से लता नायक और वार्ड-44 से आशीष कोठारी ने भी पर्चे भरे।
कांग्रेस से वार्ड-60 से प्रेमलता पालीवाल और वार्ड-75 से तुलसीराम लौहार ने नामांकन दाखिल किया। माकपा से वार्ड-32 में राजेश वसीटा और वार्ड-31 से मुस्कान राही ने पर्चा भरा।
पूर्व भाजपा अध्यक्ष के भतीजे जतिन भी मैदान में
वार्ड-33 से भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने वाले जतिन श्रीमाली, पूर्व भाजपा अध्यक्ष एवं यूआईटी चेयरमैन रहे रवींद्र श्रीमाली के भतीजे हैं। उनके नामांकन के साथ वार्ड में चुनावी मुकाबला रोचक होने के संकेत हैं।
कलेक्ट्रेट के बाहर कड़ी सुरक्षा
नामांकन को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। प्रत्याशियों के साथ आने वाले समर्थकों को बाहर ही रोक दिया गया। कोर्ट चौराहा और देहलीगेट से कलेक्ट्रेट की ओर आने वाले मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू की गई और बैरिकेडिंग की गई। दिनभर कई दावेदार नामांकन पत्र लेने और पर्चा दाखिल करने के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचते रहे। भाजपा के देबारी मंडल अध्यक्ष प्रतापसिंह राठौड़ ने वार्ड-80 और महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कविता जोशी ने भी नामांकन पत्र लिया।

नगर निगम और 5 पालिकाओं में शनिवार को 93 नामांकन


नगर निगम उदयपुर में 33, वल्लभनगर में आए 38 नामांकन
नगर निकाय चुनाव 2026 के तहत नामांकन प्रक्रिया जारी है। चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों में खासा उत्साह है। नामांकन प्रक्रिया के तहत शनिवार को जिले की एक नगर निगम और 5 नगरपालिकाओं में कुल 86 उम्मीदवारों ने 93 नामांकन पत्र दाखिल किए। अब तक जिले में कुल 93 उम्मीदवार 100 नामांकन दाखिल कर चुके हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार गत 27 अगस्त को अधिसूचना जारी होने के साथ ही जिले के सभी नगर निकायों में नामांकन प्रक्रिया चल रही है। 80 वार्डों वाली उदयपुर नगर निगम में शनिवार को 27 उम्मीदवारों ने 33 पर्चे दाखिल किए। इसके साथ ही नगर निगम में अब तक कुल 29 उम्मीदवारों की ओर से 35 पर्चे भरे गए हैं। वहीं भीण्डर में 6 उम्मीदवारों ने 6 नामांकन पत्र जमा कराए। वल्लभनगर नगरपालिका में 38 उम्मीदवारों ने 38 पर्चे दाखिल किए। मावली में 11 उम्मीदवारों ने 11, फतहनगर सनवाड़ में 4 उम्मीदवारों ने 5 नाम निर्देशन पत्र जमा कराए। इस प्रकार भीण्डर में अब तक कुल 8, वल्लभनगर में 40, फतहनगर में 6 और मावली में 11 नाम निर्देशन पत्र जमा हुए हैं। कानोड़ में अब तक किसी भी उम्मीदवार ने नामांकन पत्र नहीं जमा कराया है।
सोमवार को अंतिम दिन
नगर निकाय चुनाव के लिए नामांकन की अंतिम तिथि 31 अगस्त को अपराह्न 3 बजे तक निर्धारित है। इस बीच 30 अगस्त को रविवारिय अवकाश होने से नामांकन पत्र जमा नहीं होंगे। ऐसे में अब उम्मीदवारों के पास 31 अगस्त सोमवार को नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने का अंतिम अवसर रहेगा।