उदयपुर, 10 जून: खेल गांव क्षेत्र में तेज आंधी और तूफान से क्षतिग्रस्त हुए सौर ऊर्जा संयंत्र को पुनः संचालित कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त सौर प्लेटों को बदलने और मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद प्लांट ने दोबारा बिजली उत्पादन शुरू कर दिया है।
कुछ समय पूर्व आए तेज तूफान के कारण सौर संयंत्र की कई प्लेटें उखड़ गई थीं और इसके चलते बिजली उत्पादन प्रभावित हो गया था। संबंधित एजेंसी और तकनीकी टीम ने नुकसान का आकलन कर मरम्मत कार्य शुरू किया था।
अधिकारियों के अनुसार क्षतिग्रस्त सौर पैनलों को बदलने के साथ विद्युत प्रणाली की जांच भी की गई। सभी तकनीकी परीक्षण पूरे होने के बाद संयंत्र को पुनः ग्रिड से जोड़ा गया और उत्पादन शुरू कर दिया गया है।
खेल गांव क्षेत्र में स्थापित यह सौर संयंत्र हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जाता है। इससे उत्पादित 20 किलोवाट बिजली का उपयोग विभिन्न सार्वजनिक सुविधाओं और संस्थानों की ऊर्जा आवश्यकताओं को पूरा करने में किया जाता है। संयंत्र बंद होने से कुछ समय के लिए उत्पादन प्रभावित हुआ था, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो गई है।