राजस्थान के एक लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने चुनी हवाई तीर्थयात्रा

Share

देवस्थान विभाग की योजना के लिए आवेदन की अंतिम तिथि आज, ट्रेन यात्रा में रामेश्वरम सबसे पसंदीदा गंतव्य
उदयपुर, 10 जून:
देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना के तहत आवेदन की अंतिम तिथि बुधवार को है। मंगलवार रात तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार राज्यभर से 1.08 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि कुल यात्रियों की संख्या 1.82 लाख से पार पहुंच गई है। इनमें एक लाख से अधिक वरिष्ठ नागरिकों ने हवाई यात्रा को प्राथमिकता दी है।
विभाग के अनुसार अब तक 1,08,408 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 1,82,066 यात्रियों का पंजीकरण हुआ है। इनमें से 1,05,201 यात्रियों ने हवाई यात्रा के माध्यम से नेपाल स्थित पशुपतिनाथ मंदिर जाने की इच्छा जताई है। वहीं ट्रेन यात्रा के लिए सबसे अधिक वरीयता रामेश्वरम-मदुरई तीर्थ सर्किट को मिली है, जिसे 73 हजार से अधिक यात्रियों ने चुना है।
देवस्थान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त गीतेश श्री मालवीय ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्राप्त आवेदनों का डेटा तैयार कर जिला कलेक्टरों की निगरानी में कंप्यूटरीकृत लॉटरी निकाली जाएगी। चयनित यात्रियों को ट्रेन और हवाई मार्ग से तीर्थस्थलों की यात्रा कराई जाएगी।
इस वर्ष राज्य सरकार ने 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों को तीर्थयात्रा कराने का लक्ष्य रखा है। इनमें 50 हजार यात्रियों को विशेष ट्रेनों से देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे, जबकि 6 हजार यात्रियों को हवाई मार्ग से पशुपतिनाथ मंदिर ले जाया जाएगा।
अब तक सर्वाधिक आवेदन जयपुर, जोधपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर जिलों से प्राप्त हुए हैं। आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है।
सबसे ज्यादा आवेदन इन जिलों से आए (अनुमानित डेटा )
जिला आवेदन
जयपुर 12404
जोधपुर 6022
कोटा 5518
उदयपुर 4794
अजमेर 4483
आवेदनों में तीर्थवार इतने यात्रियों ने भरी वरीयता (अनुमानित डेटा )
तीर्थ स्थल वरीयता में इतने यात्री ने चुना तीर्थ
द्वारकापुरी – नागेश्वर – सोमनाथ 11081
मथुरा – वृंदावन – बरसाना – आगरा – अयोध्या 6070
सम्मेदशिखर – पावापुरी – वाराणसी – सारनाथ 1044
हरिद्वार – ऋषिकेश – अयोध्या – वाराणसी – सारनाथ 12924
कामाख्या – गुवाहाटी 18854
गंगासागर – कोलकाता 12541
जगन्नाथपुरी – कोणार्क 21063
रामेश्वरम – मदुरई 73017
वैष्णोदेवी – अमृतसर – वाघा बॉर्डर 6716
गोवा के मंदिर एवं अन्य स्थान चर्च आदि 1370
महाकालेश्वर, उज्जैन – ओंकारेश्वर – त्र्यंबकेश्वर – द्वारकेश्वर – एलोरा 9443
बिहार – शरीफ 113
श्री हजूर साहिब, नांदेड़, महाराष्ट्र 231
पटना साहिब, पटना बिहार 236
तिरुपति – पद्मावती 15023

नोट : अंतिम आंकड़े अपडेट होंगे