नल फिटिंग के औजार से सिर पर किए कई वार; पत्नी से मारपीट के बाद तीन महीने से पीहर में रह रही थी
बांसवाड़ा, 16 अगस्त: बांसवाड़ा में पत्नी के बार-बार पीहर जाने से नाराज एक युवक ने अपनी सास की हत्या कर दी। आरोपी दामाद ने शनिवार सुबह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित ससुराल पहुंचकर घर के बाहर बैठी 60 वर्षीय सास ललिता देवी के सिर पर नल फिटिंग में इस्तेमाल होने वाले पाने से कई वार किए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल महिला को महात्मा गांधी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पत्नी से मारपीट का आरोप
पुलिस के अनुसार ललिता देवी के पति और बेटे की पहले ही मौत हो चुकी थी। वह बर्तन धोकर अपना गुजारा करती थीं। उनकी बेटी दीपिका की शादी करीब 10 साल पहले लोधा निवासी संजय डिंडोर से हुई थी। संजय नल फिटिंग का काम करता है और उसके तीन बच्चे हैं।
परिजनों ने बताया कि संजय आए दिन दीपिका के साथ मारपीट करता था। घरेलू विवाद से परेशान होकर दीपिका करीब तीन महीने से अपनी मां के घर रह रही थी। कुछ दिन पहले संजय ने पत्नी को वापस नहीं आने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसके बाद दीपिका ससुराल गई, लेकिन दोबारा मारपीट होने पर मां के पास लौट आई। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर खून से सना पाना और चाबी मिली है। पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।