गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों को राहत, चित्तौड़गढ़ सहित कई स्टेशनों पर ठहराव
चित्तौड़गढ़, 12 मई: गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मदार से बान्द्रा टर्मिनस के बीच एक तरफा स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के संचालन से राजस्थान, गुजरात और मुंबई जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। चित्तौड़गढ़ जिले के यात्रियों को भी इस अतिरिक्त रेल सेवा का लाभ मिलेगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 09631 मदार-बान्द्रा टर्मिनस स्पेशल ट्रेन का संचालन 15 मई को किया जाएगा। ट्रेन सुबह 10:15 बजे मदार स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 6:30 बजे बान्द्रा टर्मिनस पहुंचेगी। यह ट्रेन केवल एक ट्रिप के लिए संचालित की जाएगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गर्मी की छुट्टियों में मुंबई और गुजरात की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी कारण अतिरिक्त ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को कंफर्म सीट और सुगम यात्रा की सुविधा मिल सके।
यह स्पेशल ट्रेन अजमेर, नसीराबाद, बिजयनगर, मांडल, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, मंदसौर, रतलाम, वडोदरा, सूरत, वापी और बोरीवली सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। ट्रेन राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र को जोड़ते हुए चलेगी। रेलवे के अनुसार ट्रेन में कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 18 स्लीपर कोच, दो सामान्य श्रेणी और दो गार्ड डिब्बे शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि अतिरिक्त कोच लगने से अधिक यात्रियों को यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।