24 लोग थे सवार, एक महिला की हालत नाजुक; मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे, एमबी अस्पताल उदयपुर रेफर किए गंभीर घायल
उदयपुर, 18 अक्टूबर: सलूंबर जिले के सेमारी थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर करीब 12 बजे तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई। हादसे में 8 महिलाओं और 4 बच्चों सहित 12 लोग घायल हो गए। घायलों में एक महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है। गंभीर घायलों को उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे के समय पिकअप में करीब 24 लोग सवार थे।
चामुंडा माताजी के दर्शन करने जा रहे थे
सेमारी थानाधिकारी हरीशंकर कटारा के अनुसार, पिकअप में सवार लोग झालमपुरा से चामुंडा माताजी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सड़क से नीचे गड्ढे में जा गिरी। वाहन सड़क किनारे बड़े पत्थरों और झाड़ियों के बीच गिरा, जिससे उसमें सवार लोगों को चोटें आईं। हादसे में पिकअप का अगला हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
चीख-पुकार सुनकर जुटे ग्रामीण
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों के चेहरे, सिर, हाथ और पैरों में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को उदयपुर के एमबी अस्पताल रेफर किया गया। सभी घायलों का उपचार जारी है।