हरियाणा से चुराई बस चित्तौड़गढ़ पहुंची, ट्रक लगाकर रोका रास्ता; नशे में मिला चालक
चित्तौड़गढ़, 4 जुलाई: हरियाणा से चोरी हुई रोडवेज बस को चित्तौड़गढ़ पुलिस ने शनिवार को फिल्मी अंदाज में पीछा कर पकड़ा। नशे में धुत चालक लगातार पुलिस नाकाबंदी तोड़ता हुआ राजस्थान से मध्यप्रदेश की ओर बढ़ रहा था। आखिरकार पुलिस ने हाईवे पर ट्रकों को आड़ा खड़ा कर रास्ता बंद किया, जिसके बाद चालक को हिरासत में ले लिया गया।
चंदेरिया थानाधिकारी मोतीराम सारण ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद गंगरार सहित कई स्थानों पर नाकाबंदी की गई, लेकिन चालक बैरिकेड्स तोड़कर निकल गया। रोलाहेड़ा चौराहे पर ट्रकों से रास्ता रोकने पर बस रुकी। चालक अजय कुमार ने पुलिस से पूछा कि आगे जाम क्यों है, तभी उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में चालक ने बताया कि जयपुर बस स्टैंड पर नवीन नामक व्यक्ति ने उसे बस की चाबी और 500 रुपये देकर उज्जैन पहुंचाने को कहा था। रास्ते में उसने यात्रियों को भी बैठाया और डीजल भरवाया। पुलिस ने बस जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है तथा बस चोरी के पूरे नेटवर्क और नवीन की तलाश शुरू कर दी है।