आंधी-बारिश से गर्मी पर ब्रेक, मेवाड़ में हीटवेव का असर खत्म

Share

चित्तौड़गढ़ में सर्वाधिक बारिश, अगले सप्ताह तक राहत के आसार
उदयपुर, 2 जून
: मेवाड़ सहित पूरे राजस्थान में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए भीषण गर्मी और हीटवेव से बड़ी राहत दिलाई है। बीती रात चली तेज आंधी, ओलावृष्टि और बारिश के बाद प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं भी लू दर्ज नहीं की गई। लगातार तपिश झेल रहे चित्तौड़गढ़ जिले को सबसे अधिक राहत मिली, जहां कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई।
संभाग में सर्वाधिक 70 मिमी वर्षा चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार में दर्ज की गई। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ मुख्यालय, छोटी सादड़ी, भदेसर, कपासन और निम्बाहेड़ा में 60 मिमी तक बारिश हुई। उदयपुर जिले के गोगुंदा में 38 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई, जबकि डबोक, मावली, कानोड़, कुराबड़ और भींडर सहित कई क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश हुई। राजसमंद, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहा।
एक सप्ताह तक राहत की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों के ऊपर सक्रिय परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से आगामी दिनों में भी मौसम बदला रहेगा। बीकानेर, जयपुर, अजमेर, जोधपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी, मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
3 और 4 जून को एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कई क्षेत्रों में तेज अंधड़ और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मौसम विभाग ने अगले सप्ताह तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान जताया है।