ठेला-लारी व्यवसायियों को मिले निर्धारित व सुरक्षित स्थान: डॉ. श्रीनिवास

Share

जनमत मंच की ऑनलाइन चर्चा में उठी वेंडिंग जोन बनाने की मांग, स्मार्ट सिटी के साथ छोटे व्यवसायियों के हितों पर जोर
उदयपुर, 25 जून:
जनमत मंच के तत्वावधान में आयोजित ऑनलाइन चर्चा में उदयपुर को स्मार्ट, स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर बनाने के लिए ठेला, लारी एवं फास्ट फूड व्यवसायियों के लिए निर्धारित एवं सुरक्षित वेंडिंग जोन विकसित करने की मांग उठाई गई। मंच के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. श्रीनिवास ने कहा कि पर्यटन नगरी उदयपुर की अर्थव्यवस्था में छोटे व्यवसायियों की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उनके लिए व्यवस्थित स्थानों के अभाव में यातायात बाधित होता है और अतिक्रमण की समस्या पैदा होती है।
उन्होंने कहा कि केवल अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। यदि उदयपुर को वास्तव में स्मार्ट सिटी बनाना है तो छोटे व्यवसायियों के लिए भी सम्मानजनक और सुरक्षित व्यापारिक वातावरण उपलब्ध कराना होगा।
पार्कों में विकसित हों फूड कोर्ट
जनमत मंच के सचिव शिरीष नाथ माथुर ने सुझाव दिया कि शहर के प्रमुख सार्वजनिक पार्कों के कुछ हिस्सों में फूड कोर्ट विकसित किए जाएं, जहां पर्यटक एक ही स्थान पर स्थानीय व्यंजनों का आनंद ले सकें। इससे व्यवसायियों को स्थायी स्थान मिलेगा, यातायात प्रभावित नहीं होगा और शहर की सुंदरता भी बनी रहेगी।
स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट के तहत बने वेंडिंग जोन
मंच के पदाधिकारियों डॉ. प्रियदर्शी ओझा, संतोष अरोड़ा एवं डॉ. कुणाल आमेटा ने कहा कि ठेला एवं लारी व्यवसायियों को अतिक्रमणकारी मानने के बजाय स्ट्रीट वेंडर्स एक्ट-2014 के तहत लाइसेंस, डिजिटल आईडी कार्ड और निर्धारित स्थान उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने नगर निगम से टाउन वेंडिंग कमेटी को सक्रिय कर शहर में स्मार्ट वेंडिंग जोन स्थापित करने की मांग की।
जनमत मंच के प्रमुख सुझाव
मंच ने फतहसागर, पिछोला, सुखाड़िया सर्कल, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे क्षेत्रों में स्मार्ट वेंडिंग जोन विकसित करने, पानी-बिजली, शौचालय और कचरा निस्तारण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा सभी ठेलों को एक समान डिजाइन और रंग योजना से जोड़ने का सुझाव दिया। कार्यक्रम में बाल प्रतिभागी रियांश ओझा ने ‘उदयपुर स्मार्ट सिटी’ विषय पर कविता पाठ भी प्रस्तुत किया।