उदयपुर, 6 अप्रैल : आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने विभागीय कार्यों में समयबद्धता और समन्वय को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी दायित्वों के निर्वहन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
सोमवार को आबकारी मुख्यालय उदयपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में मेहता ने कहा कि प्रदेश के राजस्व में आबकारी विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में वित्तीय लक्ष्यों की समय पर पूर्ति अनिवार्य है। उन्होंने टीम भावना और अनुशासन के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में विभिन्न अनुभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यों और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इनमें आईटी, अभियोग, पॉलिसी, लीगल, आरटीआई, लेखा सहित अन्य अनुभाग शामिल रहे।
आयुक्त ने अधिकारियों से बेहतर समन्वय और कार्यों की गति बढ़ाने के लिए सुझाव भी आमंत्रित किए। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे, जिन्होंने विभागीय कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की।