सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में छात्रों की भूख हड़ताल, हॉस्टल अव्यवस्थाओं पर उग्र प्रदर्शन

Share

छात्रसंघ चुनाव, मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा उठाया
उदयपुर, 28 जुलाई:
मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में विभिन्न मांगों को लेकर छात्रों का आंदोलन सोमवार को तेज हो गया। प्रशासनिक भवन के मुख्य द्वार पर बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन किया, जबकि चार छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए। छात्रों ने स्पष्ट कहा कि मांगें पूरी होने तक वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।
भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता सूर्यपाल सिंह ने बताया कि गर्ल्स और बॉयज हॉस्टलों में लंबे समय से पानी और बिजली की गंभीर समस्या बनी हुई है। नहाने-धोने के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाता, जबकि लगातार बिजली कटौती से छात्रों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आर्ट्स और लॉ कॉलेज में वाटर कूलरों की नियमित सफाई नहीं होने से छात्र दूषित पानी पीने को मजबूर हैं।
प्रदर्शन की सूचना पर प्रतापनगर थानाधिकारी अजयसिंह राव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और छात्रों से समझाइश की, लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।
मराठी भाषा केंद्र के विरोध को लेकर आंदोलन तेज
छात्र नेता कैलाश गुर्जर ने कहा कि विश्वविद्यालय में मराठी भाषा केंद्र खोलने का विरोध किया जाएगा। उनका कहना था कि राजस्थान में राजस्थानी भाषा को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मराठी भाषा केंद्र खोला गया तो छात्र उसका विरोध करेंगे। छात्र नेता दीपेश गुर्जर ने विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की मांग उठाई, ताकि छात्रों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जा सके।
छात्रा प्रेरणा नागदा ने बताया कि हॉस्टल में बिजली और पानी की समस्या के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। बिजली नहीं रहने से पानी की मोटर भी बंद रहती है, जिससे टंकियां खाली हो जाती हैं। उन्होंने हॉस्टल भवन की जर्जर स्थिति और अभिभावकों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था नहीं होने का मुद्दा भी उठाया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने “हमारी मांगें पूरी करो” और “आवाज दो, हम एक हैं” जैसे नारे लगाकर विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध जताया।