शिक्षकों की कमी से नाराज छात्रों ने स्कूल के गेट पर लगाया ताला

Share

पांच इमली स्कूल में 250 विद्यार्थी, सात कमरों में पढ़ाई; सात दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
प्रतापगढ़, 20 अगस्त:
करमदीखेड़ा ग्राम पंचायत के पांच इमली स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में शिक्षकों और कक्षा-कक्षों की कमी को लेकर बुधवार को छात्रों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्राओं ने स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। अभिभावकों और ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार स्कूल में कक्षा 1 से 12 तक करीब 250 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन पर्याप्त कक्षा-कक्ष नहीं हैं। स्कूल में सात कमरे हैं, जिनमें छह का उपयोग पढ़ाई के लिए हो रहा है। कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को कई बार स्कूल परिसर के बाहर खुले में पढ़ना पड़ता है। बारिश के दौरान विद्यार्थियों को परेशानी होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल को क्रमोन्नत हुए करीब चार वर्ष हो चुके हैं, लेकिन आवश्यक शिक्षक पद अब तक स्वीकृत नहीं हुए। विषय अध्यापकों की कमी से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
अभिभावकों ने रिक्त पदों पर शिक्षक-कर्मचारियों की नियुक्ति, अतिरिक्त कक्ष निर्माण और स्कूल की चारदीवारी की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि सात दिन में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।