उदयपुर, 5 अप्रैल: गर्मियों की छुट्टियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने उदयपुर होकर गुजरने वाली नई समर स्पेशल ट्रेन शुरू करने का निर्णय लिया है। कानपुर–असारवा समर स्पेशल ट्रेन 6 अप्रैल से 14 जुलाई तक सप्ताह में एक दिन संचालित होगी, जिससे यूपी और गुजरात जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
ट्रेन संख्या 01905 हर सोमवार रात 11:45 बजे उदयपुर पहुंचेगी और मंगलवार सुबह 5:45 बजे असारवा (अहमदाबाद) पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 01906 मंगलवार दोपहर 3:20 बजे उदयपुर आएगी और 10 मिनट रुककर 3:30 बजे कानपुर के लिए रवाना होकर बुधवार सुबह 7 बजे पहुंचेगी।
यह ट्रेन मावली, चंदेरिया, बूंदी और सवाई माधोपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर भी रुकेगी, जिससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
कोच व्यवस्था में 9 स्लीपर, 5 जनरल और 3 एसी कोच शामिल किए गए हैं। छुट्टियों में लंबी वेटिंग के बीच इस ट्रेन से यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने की उम्मीद बढ़ी है।