मावली के लिए संजीवनी बनेगा बागोलिया फीडर

Share

मुख्य अभियंता ने किया निर्माण कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिए सख्त निर्देश
उदयपुर, 3 अप्रैल
: जल संसाधनों के सुदृढ़ीकरण के लिए राज्य सरकार के विशेष अभियान के तहत मावली क्षेत्र में बन रहा बागोलिया फीडर परियोजना अब क्षेत्र के लिए संजीवनी साबित होगी। मुख्य अभियंता (बांसवाड़ा संभाग) देवी सिंह बेनीवाल ने शुक्रवार को निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण कर प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान बेनीवाल ने बताया कि मावली क्षेत्र लंबे समय से जल संकट से जूझ रहा है। मुख्यमंत्री बजट घोषणा 2024-25 के तहत उदयसागर बांध के अधिशेष जल को बागोलिया फीडर के जरिए डाइवर्ट कर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। करीब 30 किलोमीटर लंबे इस फीडर की क्षमता 138 क्यूसेक निर्धारित की गई है, जिससे वर्षा ऋतु में लगभग 180 एमसीएफटी पानी बागोलिया बांध तक पहुंचाया जाएगा।
इस परियोजना से मावली क्षेत्र के 17 गांवों की 3676 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा। मुख्य अभियंता ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए कहा। निरीक्षण के दौरान विभागीय अधिकारियों व कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।