आज खुलेगा उदयपुर के सियासी समीकरणों का पिटारा

Share

80 वार्डों के नतीजों से तय होगी बोर्ड की तस्वीर, भाजपा की बढ़त की उम्मीद के बीच मेयर पद के दावेदारों पर नजर
उदयपुर, 14 सितम्बर:
उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में शुक्रवार को हुए मतदान के बाद आज मतगणना के साथ शहर की नई राजनीतिक तस्वीर साफ हो जाएगी। भाजपा के बोर्ड बनाने की उम्मीदों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि कितने पार्षद किस दल के खाते में जाते हैं और मेयर की कुर्सी के लिए कौन-कौन से चेहरे मजबूत दावेदार बनकर उभरते हैं। उदयपुर में मेयर पद इस बार अनारक्षित है, जिससे मुकाबले के साथ दावेदारों की संख्या भी बढ़ी है।
भाजपा की जीत की स्थिति में पार्टी के भीतर मेयर पद को लेकर वरिष्ठ नेताओं और प्रमुख पार्षद प्रत्याशियों के बीच मंथन तेज होगा। वहीं कांग्रेस यदि अपेक्षा से बेहतर प्रदर्शन करती है तो उसके खेमे में भी मेयर पद के लिए दावेदारी सामने आएगी। आज के परिणाम केवल 80 वार्डों की जीत-हार तय नहीं करेंगे, बल्कि अगले पांच साल के लिए शहर की सत्ता की दिशा भी निर्धारित करेंगे। मतगणना के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों में पार्षदों को साधने की कवायद और मेयर पद को लेकर रणनीति तेज होने की संभावना है।
सुबह 8 बजे से मतगणना, 521 प्रत्याशियों का भाग्य होगा तय
नगरीय निकाय चुनाव-2026 में जिले के 6 नगरीय निकायों के 190 वार्डों के लिए हुए मतदान के बाद आज मतगणना के साथ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। जिला प्रशासन ने मतगणना की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। उदयपुर नगर निगम की गणना राजस्थान कृषि महाविद्यालय परिसर में होगी, जबकि अन्य पांच निकायों की गणना संबंधित नगरपालिका मुख्यालयों पर होगी। नगर निगम के 80 वार्डों की मतगणना के लिए पांच गणना कक्ष बनाए गए हैं। इनमें अधिकतम आठ टेबल लगाई गई हैं और कुल 16 राउंड में परिणाम जारी होंगे। प्रत्येक राउंड में पांच वार्डों के परिणाम घोषित किए जाएंगे।
विजय जुलूस, आतिशबाजी एवं उत्तेजक नारेबाजी पर प्रतिबंध
भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत चुनाव परिणाम घोषित होने के पश्चात विजय जुलूस निकालना, जुलूस के रूप में भीड़ एकत्रित करना, वाहनों के काफिले निकालना, पटाखे एवं आतिशबाजी करना तथा उत्तेजक नारेबाजी करना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से ऐसे संदेश, वीडियो, पोस्ट या अन्य सामग्री का प्रसारण भी प्रतिबंधित रहेगा। ​जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने इस संबंध में आदेश जारी किए।

फैक्ट फाइल
नगर निगम उदयपुर
कुल वार्ड – 80
कुल प्रत्याशी – 220

नगरपालिका मावली
कुल वार्ड – 20
कुल प्रत्याशी -59

नगरपालिका कानोड़
कुल वार्ड – 20
कुल प्रत्याशी – 52

नगरपालिका वल्लभनगर
कुल वार्ड – 20
कुल प्रत्याशी – 67

नगरपालिका भीण्डर
कुल वार्ड – 25
कुल प्रत्याशी – 58

नगरपालिका फतहनगर सनवाड़
कुल वार्ड – 25
कुल प्रत्याशी – 65

मतगणना के दौरान कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन

14 सितंबर को कृषि महाविद्यालय में होगी नगर निकाय चुनाव की मतगणना, कई मार्गों पर प्रवेश निषेध
नगर निकाय चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को राजकीय कृषि महाविद्यालय, उदयपुर में होगी। मतगणना के दौरान आमजन की सुविधा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए उदयपुर यातायात पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन एवं प्रवेश निषेध व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा ने बताया कि मतगणना में नियुक्त अधिकारियों-कर्मचारियों तथा राजनीतिक दलों के एजेंटों के वाहनों की पार्किंग राजकीय फतह उच्च माध्यमिक विद्यालय में रहेगी।
डायवर्जन व्यवस्था: मेवाड़ मोटर्स गली से कुम्हारों का भट्टा की ओर जाने वाला यातायात उदियापोल चौराहा से रोडवेज बस स्टैंड के पीछे की सड़क होते हुए आरपीएल टी-पॉइंट से कुम्हारों का भट्टा की ओर जा सकेगा। कुम्हारों के भट्टे से आने वाला यातायात रोडवेज बस स्टैंड के पीछे की सड़क से उदियापोल की ओर तथा दुर्गा नर्सरी, शास्त्री सर्कल होते हुए दिल्ली गेट की ओर जा सकेगा।
प्रवेश निषेध: मेवाड़ मोटर्स गली से कुम्हारों के भट्टे तक सभी प्रकार के दोपहिया, तिपहिया, चारपहिया और बड़े वाहनों का आवागमन पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार कुम्हारों के भट्टे से मेवाड़ मोटर्स गली की ओर भी सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा।
यातायात पुलिस ने आमजन से 14 सितंबर को इन मार्गों पर लागू व्यवस्था का पालन करने, प्रतिबंधित मार्गों पर अनावश्यक वाहन लेकर नहीं आने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।