त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज के भूमि पूजन समारोह का निमंत्रण राज्य वित्त आयोग अध्यक्ष को दिया

Share

20 करोड़ की लागत से बनेगा एक्सीलेंस सेंटर एवं छात्रावास, 22 जून को होगा भूमि पूजन और सम्मेलन

उदयपुर, 10 जून: अखिल भारतीय श्री त्रिवेदी मेवाड़ा ब्राह्मण समाज द्वारा सेक्टर-14 में प्रस्तावित एक्सीलेंस सेंटर एवं छात्रावास के भूमि पूजन, शिलान्यास और सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रीय संयोजक भूपेंद्र पंड्या एवं राजनीतिक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रमुख तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी के नेतृत्व में जयपुर पहुंचकर राजस्थान राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरुण चतुर्वेदी को 22 जून को आयोजित होने वाले समारोह का निमंत्रण दिया।
भूपेंद्र पंड्या ने बताया कि करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस महत्वाकांक्षी प्रकल्प में आधुनिक एक्सीलेंस सेंटर और छात्रावास का निर्माण किया जाएगा। भूमि पूजन, शिलान्यास एवं सम्मेलन में मेवाड़, वागड़, मालवा, गुजरात सहित देशभर से लगभग 10 हजार समाजजन भाग लेंगे।
दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत नवकुंडीय हवन, सुंदरकांड पाठ, कलश पूजन, भूमि पूजन, शिलान्यास, समाज गौरव भामाशाह सम्मान समारोह एवं विशाल सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न राज्यों और आठों चौखला के प्रतिनिधि घर-घर जाकर आमंत्रण पत्र एवं पीले चावल वितरित कर रहे हैं।
इस अवसर पर बाल आयोग सदस्य डॉ. शैलेंद्र पंड्या, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष गोमतीशंकर पंड्या, राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल पंड्या, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रविन्द्र उपाध्याय, कर्मचारी प्रकोष्ठ प्रमुख दीनबंधु भट्ट तथा युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष डॉ. राहुल व्यास सहित समाज के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।