डूंगरपुर में विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दो बूथों का किया दौरा
डूंगरपुर, 5 नवम्बर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर) के तहत घर-घर सर्वे का कार्य शुरू हो गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने मंगलवार को शहर के दो मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर कार्य की प्रगति देखी। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों से जानकारी ली और मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरण एवं भरने की प्रक्रिया समझाई।
कलेक्टर सिंह ने सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी उज्जवल जैन के साथ डूंगरपुर विधानसभा क्षेत्र के भाग संख्या 194 (महात्मा गांधी राजकीय स्कूल) और 195 (वाल्मीकि समुदाय भवन, प्रगति नगर) बूथों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बीएलओ देवीलाल खांट और कुमार पंड्या से सर्वे कार्य की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने प्रोजेनी मैपिंग, गणना प्रपत्र वितरण और एसआईआर से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल किया जाए और फॉर्म भरने की प्रक्रिया में पारदर्शिता रखी जाए।
इसी क्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त कलेक्टर दिनेश चंद्र धाकड़ ने भी भाग संख्या 190 और 191 (नवाडेरा) के बूथों का फील्ड निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान बूथ लेवल अधिकारी एवं निर्वाचन विभाग के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।