भगवान हनुमान के कथित अपमान के मामले में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे कार्यकर्ता, पहले इनकार के बाद पुलिस ने दर्ज की शिकायत
उदयपुर, 9 जुलाई: लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रोड शो के दौरान कलाकार के रूप में भगवान हनुमान के कथित अपमान के विरोध में गुरुवार को उदयपुर के सूरजपोल थाने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। शिकायत दर्ज नहीं करने पर नाराज कार्यकर्ताओं ने थाने में ही हनुमान चालीसा का पाठ कर विरोध जताया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतेहसिंह राठौड़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता सूरजपोल थाने पहुंचे और मामले में आपत्ति दर्ज कराते हुए शिकायत लेने की मांग की। आरोप है कि थानाधिकारी रतनसिंह चौहान ने प्रारंभ में शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया, जिससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।
इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता थानाधिकारी के कक्ष के बाहर धरने पर बैठ गए और प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। थाने में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतेहसिंह राठौड़ ने कहा कि प्रशासन को सही संदेश देने और धार्मिक भावनाओं के सम्मान की मांग को लेकर थाने में बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस शुरू में शिकायत लेने से बच रही थी। कांग्रेस नेताओं के विरोध और दबाव के बाद आखिरकार पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर ली। विरोध प्रदर्शन के दौरान पंकज सुखवाल, दीपक सुखाड़िया, शंकर चंदेल, यशवंत राजोरा, चंदा सुहालका, महिमा चुग, विजय जोशी, गौरव प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।