डॉ. दिलशाद दयानी के सहयोग से शुरू हुआ था अभियान
कोटड़ा, 8 दिसम्बर: उदयपुर जिले के सुदूरवर्ती जनजातीय क्षेत्र कोटड़ा में डिजिटल साक्षरता की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायी पहल शुरू हुई है। सामाजिक संस्थान उजाला फाउंडेशन ने अमेरिका में रह रही भारतीय प्रवासी डॉ. दिलशाद दयानी के सहयोग से पांच सरकारी विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा को नई गति दी है।
कोटड़ा जैसे क्षेत्र, जहां आज भी शिक्षा और संसाधनों की कमी बड़ी चुनौती है, वहां यह पहल बच्चों के भविष्य में नई संभावनाएं खोल रही है। तीन विद्यालयों में अस्थायी रूप से तीन लैपटॉप दिए गए हैं, जबकि दो अन्य विद्यालयों में टीम के सदस्य लैपटॉप लेकर नियमित रूप से बच्चों को प्रशिक्षित कर रहे हैं।
कार्यक्रम के तहत कक्षा 7 से 9 तक के 106 छात्र “मेंटर्स” के रूप में, और कक्षा 1 से 5 तक के 168 छात्र “मेंटीज़” के रूप में जुड़कर रोज़ाना अंतिम आधे घंटे में सीखने-सिखाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ा रहे हैं। यह पहल जनवरी 2025 में शुरू हुए सोशल कैपिटल क्रेडिट्स कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके माध्यम से मेंटर छात्र सामाजिक पूंजी अर्जित करते हैं और उसे डिजिटल शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने में उपयोग करते हैं।
जुड़ा, जूनापदर, सुलाव, खाम, मेरपुर स्कूलों के विद्यार्थी पूजा कुमारी, सोनिया कुमारी, आशा कुमारी, राजू, उमेश जो एक साल पहले कंप्यूटर और लैपटॉप का अंतर तक नहीं जानती थीं। आज वे वर्ड डॉक्यूमेंट खोलना, उसमें टाइप करना, फॉर्मेट बदलना, और उसे सेव करना सीख चुकी हैं।
उजाला फाउंडेशन की टीम सदस्य मेवा कुमारी बताती हैं कि डॉ. दिलशाद दयानी कोलंबिया यूनिवर्सिटी, न्यूयॉर्क में ऑर्गनाइज़ेशनल साइकोलॉजी की एडजंक्ट एसोसिएट प्रोफेसर हैं, उन्हेंने इस अभियान के लिए लैपटॉप दान किए। वे सोशल कैपिटल इनिशिएटिव्स की बोर्ड सदस्य भी हैं, जिसके माध्यम से यह पहल कोटड़ा तक पहुंची।
उजाला फाउंडेशन के प्रथाराम और नानालाल बताते हैं कि अब तक लगभग 50% बच्चे लैपटॉप चालू-बंद करना सीख चुके हैं, और करीब 20% बच्चे वर्ड डॉक्युमेंट जैसी मूलभूत डिजिटल गतिविधियां करने लगे हैं। आने वाले वर्षों में इस योजना को अन्य सरकारी विद्यालयों तक विस्तारित करने की तैयारी है। इस अभियान में सरकारी विद्यालयों के शिक्षक, उज्जैन स्थित ‘मेरा गांव मेरी दुनिया’ संस्थान, और कोटड़ा आदिवासी संस्था भी सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।
कोटड़ा डिजिटल शिक्षा पहल – प्रमुख आंकड़े
श्रेणी संख्या विवरण
कुल विद्यालय 5 उजाला फाउंडेशन के सहयोग से कार्यक्रम संचालित
लैपटॉप उपलब्ध 3 अस्थायी + टीम द्वारा ले जाए जाने वाले प्रशिक्षण के लिए उपयोग
मेंटर्स 106 कक्षा 7 से 9 के छात्र
मेंटीज़ 168 कक्षा 1 से 5 के छात्र
बेसिक ऑपरेशन सीख चुके बच्चे लगभग 50% लैपटॉप ऑन/ऑफ
डॉक्युमेंट कार्य सीख चुके बच्चे लगभग 20% टाइपिंग, सेविंग, फॉर्मेटिंग